
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। कॉलेज छात्रा को करीब 10 महीने से परेशान करने, पीछा करने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। कोलगवां पुलिस ने छात्र श्रवण सेन के खिलाफ छेड़खानी का प्रकरण दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत केस दर्ज कर आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रकरण दर्ज करने से पहले पीड़िता के परिवार की मांग पर उसके दोबारा बयान लिए गए। इसके बाद पुलिस ने श्रवण को थाने बुलाकर पूछताछ की।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि छात्रा के बार-बार मना करने के बावजूद श्रवण उसका पीछा करता था। बाइक से कॉलेज जाने के रास्ते में उसका पीछा करने और बाइक लगाकर गाली-गलौज करने का भी आरोप है। परिवार के मुताबिक फोन पर धमकियां देने के साथ आरोपी की गर्लफ्रेंड और उसके दोस्तों के जरिए भी छात्रा को धमकाता था।
परिवार ने बताया कि लगातार दबाव के बावजूद छात्रा के नहीं मानने पर उसे बहाने से नगर वन बुलाया। वहां चार लड़कियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान छात्रा से श्रवण को वीडियो कॉल करवाकर माफी मांगने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप है। मारपीट का वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।
परिवार के मुताबिक आरोपी की गर्लफ्रेंड ने दिसंबर में छात्रा को इंस्टाग्राम के एक समूह से जोड़ा था। इसी समूह में श्रवण भी शामिल था। आरोप है कि शुरुआत में अश्लील संदेश भेजे गए और विरोध करने पर परेशान करना जारी रखा गया।
पुलिस ने श्रवण की गर्लफ्रेंड समेत मारपीट में शामिल चार लड़कियों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया है। पांच आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजकर चैट और डिलीट डेटा की जानकारी जुटाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रसव के बाद नवजात के हाथ की हड्डी टूटी, सीएमएचओ बोले- केस क्रिटिकल था