
नईदुनिया प्रतिनिधि, चित्रकूट। सतना मुख्यालय सहित तराई क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश का असर शनिवार सुबह चित्रकूट में दिखाई दिया। मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा।
सुबह तक नदी का पानी लगातार बढ़ता रहा और रामघाट समेत अन्य घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गईं। जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन सतर्क हो गया है।
पिछले दिनों आई बाढ़ के बाद मंदाकिनी का जलस्तर दोबारा बढ़ने से प्रशासन ने घाटों पर निगरानी बढ़ा दी है। सुरक्षा के लिहाज से घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को निचले हिस्सों में जाने से रोका जा रहा है। घाट किनारे दुकान लगाने वाले लोगों को भी सतर्क रहने तथा नदी का पानी बढ़ने की स्थिति में सामान सुरक्षित स्थान पर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल राहत की बात यह है कि मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब तीन मीटर नीचे है। हालांकि रातभर हुई बारिश के बाद पानी जिस तेजी से बढ़ा, उससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और घाटों पर तैनात अमले को भी सतर्क किया गया है।
शुक्रवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। आसमान में बादल आते-जाते रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश हुई। इसके बाद धूप निकलने से अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब आधा डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा।
शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और करीब 15 मिनट तक हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बाद रात करीब 11.30 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो रातभर रुक-रुककर जारी रही। 24 घंटे में आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन तराई क्षेत्र में नदी-नालों के जलस्तर पर इसका असर दिखाई दिया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से छत्तीसगढ़, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से सतना सहित रीवा संभाग में अगले दौर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- दमोह में जबेरा के पास तेरहवीं में जा रहे थे, वाहन ने बाइक को टक्कर मारी; मां-बेटे की मौत