
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। एक छात्र के साथ रिलेशन बनाने से इनकार करना कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा को भारी पड़ गया। आरोप है कि उससे नाराज उसकी एक सहेली ने तीन अन्य युवतियों के साथ मिलकर उसे बहाने से सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा। छात्रा को बाल पकड़कर जमीन पर गिराया गया और लात-घूंसों से मारपीट की गई।
एक युवती ने डंडे से उसके कान और आंख के आसपास वार किए। मारपीट के दौरान छात्रा को धमकाते हुए वीडियो कॉल पर संबंधित छात्र से माफी भी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और कोलगवां थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, एक छात्र उसे वाट्सऐप पर परेशान करता था। छात्र को फटकारने के बाद कॉलेज में साथ पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा ने उस पर अपने दोस्त के साथ रिलेशन में आने के लिए दबाव बनाया। छात्रा ने इससे साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसे सबक सिखाने की योजना बनाई गई।
मारपीट के दौरान छात्रा पर संबंधित छात्र की बात मानने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि उसे वीडियो कॉल पर छात्र से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। छात्रा द्वारा उसके साथ संबंध बनाने के लिए हामी भरने के बाद उसे सेमरिया चौराहे पर लाकर छोड़ दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, 6 अगस्त को आरोपित छात्रा उसे बाजार चलने के बहाने अपने स्कूटर पर बैठाकर ले गई। कुछ देर इधर-उधर घुमाने के बाद रिश्तेदार के यहां उतैली चलने की बात कहकर उसे नगर वन के सामने सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां तीन अन्य सहेलियां पहले से मौजूद थीं। आरोप है कि चारों ने चेहरे ढंक रखे थे। इसके बाद उन्होंने छात्रा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में चार युवतियां छात्रा को घेरकर मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में गाली-गलौज और धमकाने की बात भी सामने आती है। आरोप है कि मारपीट के दौरान छात्रा को धक्का देकर जमीन पर गिराया गया। इसके बाद उसके बाल पकड़कर खींचे गए और लात-घूंसों से पीटा गया। एक युवती द्वारा डंडे से छात्रा के कान और आंख के आसपास वार किए जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो एक छात्रा ने बनाया, जिसे बाद में इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी के 7,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मिलेगी ई-स्कूटी, 16 सितंबर को सीएम मोहन यादव सौपेंगे चाबी
घटना के बाद छात्रा ने डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। बताया गया कि उसकी मां गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जबकि पिता इलाज के लिए बाहर थे। छात्रा भी एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान मारपीट का वीडियो एक स्थानीय रिश्तेदार के पास पहुंच गया। पूछताछ में घटना का पता चला, जिसके बाद 11 सितंबर को परिजन छात्रा को लेकर कोलगवां थाने पहुंचे।
मामले में 12 सितंबर को अपराध दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो का भी परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।- सुदीप सोनी, थाना प्रभारी कोलगवां