
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम बेरमा पहुंचीं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरमा का निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया और कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से जीव विज्ञान एवं रसायन विज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी पढ़ाई का स्तर परखा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की पढ़ाई के स्तर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति जानने के साथ ही कलेक्टर ने उन्हें इन विषयों से संबंधित पाठ भी पढ़ाया।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से कहा कि विद्यालय का नियमित निरीक्षण किया जाए और शैक्षणिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई बेहतर बनाना और परीक्षा परिणामों में सुधार लाना शिक्षकों तथा प्राचार्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाए। विद्यार्थियों को विषयों की बेहतर समझ विकसित कराने के साथ उनकी पढ़ाई के स्तर का भी लगातार आकलन किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि केवल विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को पढ़ाए जा रहे विषयों की समझ और उनकी परीक्षा संबंधी तैयारी पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
कलेक्टर ने आगामी परीक्षाओं के परिणामों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं आते हैं तो संबंधित शिक्षकों और प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए नियमित निगरानी रखने और विद्यार्थियों की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वृद्धाें को मिलेगी प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन