
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। सतना रेलवे स्टेशन पर बुधवार को महानगरी एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन के एस-2 कोच में खराबी सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसे अनुपयोगी घोषित करते हुए ट्रेन से अलग करने की कार्रवाई की। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लगा। इसके चलते ट्रेन रात 7:35 बजे सतना स्टेशन से रवाना हो सकी।
महानगरी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में तकनीकी खराबी की सूचना रेलवे के आरएचओ प्वाइंट से मिली थी। इसके बाद कोचिंग एवं वैगन विभाग (सीएनडब्ल्यू) के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कोच की जांच की। जांच के दौरान कोच को आगे की यात्रा के लिए अनुपयुक्त मानते हुए उसे खराब घोषित कर ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया गया।
कोच हटाए जाने के कारण उसमें आरक्षण कराने वाले यात्रियों के सामने बैठने की समस्या खड़ी हो गई। रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों को परेशान होने से बचाने के लिए एस-2 कोच के यात्रियों को एस-1 और एस-3 कोच में समायोजित कराया। वहीं, यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए जबलपुर में दूसरा कोच लगाने की व्यवस्था की गई है। वहां यात्रियों को नए कोच में स्थानांतरित किया जाएगा।
एस-2 कोच ट्रेन के पीछे से नौवां डिब्बा था। ऐसे में कोच को अलग करने की कार्रवाई के दौरान यात्रियों को सही जानकारी देना भी रेलवे के सामने चुनौती रही। रेलवे कर्मचारियों ने छोटे उद्घोषणा यंत्रों के माध्यम से यात्रियों को कोच हटाए जाने और सीटों के समायोजन की जानकारी दी। ट्रेन रवाना होने से करीब पांच मिनट पहले भी यात्रियों को आवश्यक सूचना दी गई, ताकि कोई यात्री छूट न जाए।
रेलवे प्रबंधन के अनुसार, कोच में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद सीएनडब्ल्यू कर्मचारियों ने उसे खराब घोषित किया था। इसके बाद सुरक्षा और परिचालन संबंधी सावधानियों को ध्यान में रखते हुए कोच अलग किया गया। करीब दो घंटे तक चली इस प्रक्रिया के बाद ट्रेन को रात 7:35 बजे रवाना किया जा सका।
यह भी पढ़ें- जबलपुर-हावड़ा के बीच चलने वाली शक्तिपुंज एक्सप्रेस के दो फेरे निरस्त, यात्रियों को लगा बड़ा झटका