
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिला अस्पताल में चोरी का एक और मामला सामने आया है। कोविड वार्ड के सामने स्थित ड्यूटी रूम का कांच तोड़कर चोर अंदर घुसे और आलमारी का कुंदा चटकाकर लाखों रुपये के चिकित्सा उपकरण व अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना 19 अगस्त की रात की बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने सोमवार देर शाम सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
चोरी हुए सामान में ब्रोंकोस्कोप, मॉनिटर, ऑक्सीजन रेगुलेटर, 10 ई-क्रिएशन पंप और ऑक्सीजन पाइप सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। अगले दिन कर्मचारियों के ड्यूटी रूम पहुंचने पर सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
कमरे का कांच टूटा हुआ था और आलमारी का कुंदा भी चटका मिला। घटना के बाद कमरे और आसपास जांच करने पर खून के धब्बे भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान कमरे में घुसते समय चोर के हाथ में चोट लगी होगी। अस्पताल प्रबंधन ने मौके से मिले साक्ष्यों को भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
सहायक प्रबंधक डॉ. धीरेन्द्र वर्मा की शिकायत के अनुसार, करण पहले अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम कर चुका है। प्रबंधन का दावा है कि उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित शिकायतें पुलिस को दी जा चुकी हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जिला अस्पताल में इस साल चोरी की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले आईसीयू, पीआईसीयू और एसएनसीयू से भी लाखों रुपये के चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
प्रबंधन का दावा है कि पिछली घटनाओं की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। फिलहाल ताजा मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की भूमिका की जांच की जा रही है।