
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले में इन दिनों चंदन के पेड़ चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। 12 दिन के अंदर चंदन के बड़े पेड़ चोरी की दूसरी वारदात हुई है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नागौद ब्लॉक के कचनार गांव रिटायर्ड आर्मी मैन पुष्पेंद्र सिंह की बगिया से अज्ञात बदमाश चंदन के दो विशाल पेड़ काट ले गए। पेड़ लगभग 50 साल पुराने बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार घर से ही लगी बगिया है जिसमें मंदिर के चारों तरफ 20 पेड़ चंदन के लगे हैं। रात में परिवार के सदस्य सो रहे थे तभी अज्ञात बदमाश आए और दो पेड़ काट ले गए जबकि चंदन के 2 अन्य पेड़ों में चीरा लगा कर छोड़ गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर नागौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार इतने विशाल पेड़ों को आरी से काटा गया है और उन्हें ले जाने के लिए बदमाशों ने किसी मालवाहक का उपयोग किया होगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों का सुराग तलाशने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें- कार पर लगी थी नीली बत्ती, पुलिस को देखते ही झाड़ने लगा रौब, देवास में फर्जी DIG गिरफ्तार
गौरतलब है कि इससे पहले उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया कला गांव की एक बगिया से भी 1 अप्रैल की रात बदमाशों ने 25 साल पुराने चंदन के 5 पेड़ों की इसी तरह चोरी की थी। अभी तक इस मामले में भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं। फिलहाल जिस प्रकार से घटनाएं हो रही हैं वह दर्शाता है कि जिले में गिरोह सक्रिय है। अब देखना होगा कि पुलिस इनसे कैसे पार पाती है।