सतना में चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर सड़क किनारे दिखा बाघ, थम गए वाहनों के पहिए, राहगीरों ने कैमरे में कैद किया नजारा
सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर शुक्रवार को उस समय राहगीरों की धड़कनें बढ़ गईं, जब सड़क किनारे एक बाघ आराम फरमाता नजर आया।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 06:34:49 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 06:34:49 PM (IST)
HighLights
- राहगीरों ने बाघ को निहारा और उसकी तस्वीरें लीं
- कुछ देर बाद बाघ स्वयं वहां से जंगल की ओर हट गया
- राहगीरों को सतर्क रहने की जरूरत, नजदीक ना जाएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर शुक्रवार को उस समय राहगीरों की धड़कनें बढ़ गईं, जब सड़क किनारे एक बाघ आराम फरमाता नजर आया। बुन्देलापुर मोड़ के पास सड़क किनारे बैठे वनराज को देखकर राहगीर कुछ देर के लिए ठिठक गए।
इस दौरान मार्ग से गुजर रहे लोगों ने बाघ की तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाघ काफी देर तक सड़क किनारे बैठा रहा।
राहगीरों ने बाघ को निहारा और उसकी तस्वीरें लीं
बाघ की मौजूदगी के कारण मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात थम गया। राहगीरों ने सुरक्षित दूरी बनाकर बाघ को निहारा और उसकी तस्वीरें लीं। सड़क किनारे बाघ की मौजूदगी से आसपास के क्षेत्र में भी कौतूहल का माहौल रहा।
कुछ देर बाद बाघ स्वयं वहां से जंगल की ओर हट गया
कुछ देर बाद बाघ स्वयं वहां से जंगल की ओर हट गया, जिसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। हालांकि, आबादी और आवागमन वाले मार्ग पर बाघ की मौजूदगी ने एक बार फिर वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
राहगीरों को सतर्क रहने की जरूरत, नजदीक ना जाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि वन क्षेत्र से लगे मार्गों पर अक्सर वन्यजीव दिखाई देते हैं। ऐसे में राहगीरों को सतर्क रहने और वन्यजीव नजर आने पर उनके नजदीक जाने, छेड़छाड़ करने या फोटो लेने के लिए जोखिम उठाने से बचने की जरूरत है।