
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। विंध्य और बुंदेलखंड के रेल नक्शे पर शनिवार, 24 अक्टूबर को एक नया अध्याय जुड़ गया। नागौद–देवेंद्रनगर–सतना और चुरहट–रीवा रेलखंड पर दो नई मेमू ट्रेनों की शुरुआत की गई।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उद्घाटन के अवसर पर दोनों ट्रेनों में यात्रियों को निश्शुल्क सफर की सुविधा दी गई है।
नियमित संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। इससे सतना, रीवा, पन्ना और सीधी क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
नागौद में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, नागौद विधायक नागेंद्र सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांसद गणेश सिंह ने इस रेलखंड पर ट्रेन की शुरुआत को ऐतिहासिक दिन बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा से होकर अब सात ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वृद्धाें को मिलेगी प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन