वैष्णवी ट्रैवल्स की बस ने ऑल्टो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
अमरपुर-बेहड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार वैष्णवी ट्रैवल्स की बस ने ऑल्टो कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो बस के नीचे घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 06:43:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 07:00:14 PM (IST)
अमरपुर-बेहड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार वैष्णवी ट्रैवल्स की बस ने ऑल्टो कार को सामने से टक्कर मार दी।HighLights
- बस चालक मौके से फरार, तलाश जारी
- चुरहट के रामपुर नैकिन मार्ग पर हुई घटना
- क्रेन मंगाकर कार को बस से अलग निकाला गया
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी /चुरहट। जिले के चुरहट थाना अंतर्गत रामपुर नैकिन मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। अमरपुर-बेहड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार वैष्णवी ट्रैवल्स की बस ने ऑल्टो कार को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो बस के नीचे घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 साल की मासूम गंभीर रूप से घायल है।
बस चालक मौके से फरार, तलाश जारी
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी कमला जोशी, एसडीओपी रवि प्रकाश कौल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। बस चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। रीता त्रिपाठी थाना प्रभारी चुरहट ने बताया कि वैष्णवी बस एमपी 19 जेडएन 9392 रामपुर नैकिन से चुरहट की ओर आ रही थी, वहीं ऑल्टो कार एमपी 19 सीओ 0850 चुरहट से जा रही थी।
अमरपुर- बेहड़ा मोड़ पर पहुंचते ही दोनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। ऑल्टो बस के अगले हिस्से में फंस गई, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। ग्रामीणों ने दौड़कर बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक तीन की सांसें थम चुकी थीं।
क्रेन मंगाकर कार को बस से अलग निकाला गया
बाद में क्रेन मंगाकर कार को बस से अलग निकाला गया। हादसे के बाद मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। घटना में मनोरमा तिवारी पत्नी अनिल तिवारी 35 वर्ष, सुधीर तिवारी पुत्र रामनरेश तिवारी 31 वर्ष, अनिल तिवारी पुत्र मंगल दीन तिवारी 30 वर्ष की घटना स्थल में दर्दनाक मौत हो गई।
तो वही मोइना तिवारी पुत्र अनिल कुमार तिवारी 8 वर्ष सभी निवासी ग्राम देवरी कला, थाना रामनगर, जिला मैहर निवासी हैं। घायल बच्ची को चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों का शव पीएम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
अंधा मोड़ बना काल...
स्थानीय लोगों ने बताया कि अमरपुर- बेहड़ा मोड़ लगातार हादसों का ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। मोड़ अंधा है, न साइन बोर्ड हैं, न स्पीड ब्रेकर, न रिफ्लेक्टर। तेज रफ्तार बसों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।