
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा किटहा से दूदूवार जाने वाले मार्ग पर दूदूवार गांव के पास हुआ।
वैन में करीब 15 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में कई बच्चों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को वैन से बाहर निकाला और उपचार के लिए कोठी अस्पताल पहुंचाया।
वैन कोठी में संचालित ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। चलते समय वैन के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
चिकित्सक डॉ. मयंक तिवारी के अनुसार बच्चों को चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल किसी बच्चे की हालत गंभीर नहीं है। दो बच्चों के सिर और हाथ में अपेक्षाकृत अधिक चोट बताई गई है। अन्य बच्चों को भी चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यक उपचार दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर जैतवारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने वैन और ड्राइवर के संबंध में जानकारी ली है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रारंभिक तौर पर कुत्ता सामने आने से ड्राइवर के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर जानलेवा हमला, कैंट थाने में कर्मियों का हंगामा