
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। अमरपाटन-सतना रोड पर आरके डेयरी के पास पनीर निर्माण के दौरान स्वच्छता मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है।
यहां पनीर बनाने के दौरान एक कुत्ते को पनीर खाते हुए देखा गया। मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पनीर का निर्माण और बिक्री आम उपभोक्ताओं के लिए की जा रही है, यदि उसके निर्माण स्थल पर ही साफ-सफाई और स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है तो उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। वायरल वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती रही है। इसके बावजूद मिलावटी और अमानक पनीर के निर्माण एवं बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में वायरल वीडियो ने खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से संबंधित डेयरी की जांच कराने, पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि वीडियो वायरल होने के बाद विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दोस्त से मिलने के लिए हॉस्टल से भागे दो छात्र, परिवार वालों ने स्कूल पहुंचकर किया हंगामा