
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में गोली लगने से घायल सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी दीपमाला सिंह (50) की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बुधवार शाम घर में लाइसेंसी बंदूक रखते समय अचानक गोली चलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन तक चले उपचार के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मंगलवार को घर में शस्त्र पूजा हुई थी। इसके अगले दिन बुधवार शाम दीपमाला मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके पेट में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया था।
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, रसोई के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे कांच बिखरे हुए थे। पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान या कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला था।
दीपमाला सिंह की मौत के बाद घटना को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। गोली किन परिस्थितियों में चली और घटनाक्रम किस तरह हुआ, इसकी पुष्टि जांच के तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बाहर से ताला लगाकर पति का जाना पड़ा भारी, बंधक बनाकर लूटपाट; पड़ोसी के सूने घर में भी चोरी