
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। पति की तलाश में दुबई से सतना पहुंची एक महिला ने महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस से मदद मांगी है। महिला का कहना है कि उसका पति दुबई से सतना आकर अपनी मां और बहन के यहां रह रहा है, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। महिला ने पति के खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है, बल्कि पुलिस से सिर्फ पति को तलाशने में मदद करने का आग्रह किया है।
महिला ने पुलिस को अपना नाम असविंदर कौर बताया है। उसका कहना है कि उसके पति सुनील ठाकुर दुबई में उसके साथ रहते थे। 31 जुलाई को वह दुबई से सतना आ गए। इसके बाद महिला को जानकारी मिली कि सुनील अपनी मां के साथ सतना में अपनी बहन के यहां हैं। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके पति को छिपाकर रखा है और उससे बात नहीं कराई जा रही है। उसने कई बार ससुराल वालों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पति का पता नहीं चल सका।
असविंदर कौर ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2020 से सुनील ठाकुर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के एक गुरुद्वारे में परिवार की मौजूदगी में शादी की थी। महिला के मुताबिक, उसका पहले विवाह हो चुका था और तलाक हो गया था। उसने यह भी बताया कि वह अपने पति से करीब 12 साल बड़ी है और शादी से पहले यह बात सुनील तथा उसके परिवार को पता थी।
महिला का कहना है कि शादी के बाद दोनों दुबई में साथ रह रहे थे, लेकिन अचानक पति वहां से सतना आ गए। इसके बाद संपर्क नहीं होने पर वह खुद उन्हें तलाशते हुए सतना पहुंची।
डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज दीक्षित ने बताया कि महिला दुबई से सतना आई है और उसने पति को तलाशने में पुलिस से सहायता मांगी है। महिला के अनुसार उसका पति सतना में अपनी बहन के यहां आया हुआ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। महिला फिलहाल पति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। पुलिस शिकायत के आधार पर उसके पति की तलाश कर रही है।