सीहोर में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा; खदान में डूबने से 16 साल के किशोर की मौत
ग्रामीणों ने खुद ही पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अतुल को बाहर निकाला जा सका।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 05:27:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 05:27:12 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- सीहोर के सीलखेड़ा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा
- पानी से भरी खदान में डूबने से 16 वर्षीय अतुल अहिरवार की मौत
- ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के ग्राम सीलखेड़ा में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सीलखेड़ा से मुंगावली मार्ग स्थित एक पानी से भरी खदान में संतुलन बिगड़ने के कारण 16 वर्षीय अतुल अहिरवार गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीलखेड़ा निवासी अतुल (16) पिता अजब सिंह अहिरवार गांव के अन्य लोगों के साथ मुंगावली रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जित करने गया था। प्रतिमा विसर्जन के दौरान अचानक अतुल का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने खुद ही पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अतुल को बाहर निकाला जा सका।
परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत निजी वाहन से अहमदपुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। हालांकि, दोराहा में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि विसर्जन स्थल पर सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया था। पिछले वर्ष यहां खदान पर दो पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन इस बार कोई जवान तैनात नहीं था।
आरोप है कि हादसे की तत्काल सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 2 घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक सारा घटनाक्रम समाप्त हो चुका था।
मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू
हादसे और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में मर्ग कायम कर लिया गया है। पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। - प्रशांत चौबे, एडिशनल एसपी, सीहोर