
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में श्यामपुर पुलिस ने गुना से भोपाल की ओर जा रहे आयशर वाहन से 53 क्विंटल 50 किलोग्राम संदिग्ध मावा जब्त किया है।
पुलिस ने मावे के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया है। मावे के मिलावटी होने की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
एसपी सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर जिले में त्योहारों के दौरान नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के अवैध परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी पीएन गोयल के मार्गदर्शन में श्यामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुना से भोपाल की ओर जा रहे एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में संदिग्ध मावा परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग प्वाइंट लगाकर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में कच्चे मावे से भरी 107 बोरियां मिलीं। प्रत्येक बोरी में लगभग 50 किलोग्राम मावा था। इस तरह कुल 53 क्विंटल 50 किलोग्राम मावा बरामद किया गया।
पुलिस ने वाहन चालक सत्यभान लोधी पिता रामप्रकाश लोधी उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बलारपुरा थाना अटेर जिला भिंड तथा क्लीनर जसमत सिंह लोधी पिता वीरेंद्र सिंह लोधी उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम प्रतापपुरा थाना गोरमी जिला भिंड से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया मावा नकली एवं मिलावटी होने के संदेह पर पुलिस ने मावे सहित वाहन को जब्त कर वरिष्ठ अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपाली कांगले थाना श्यामपुर पहुंचीं और जब्त मावे की बोरियों से विधिवत नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे। अग्रिम कार्रवाई के लिए शेष मावा वाहन सहित खाद्य सुरक्षा विभाग सीहोर के सुपुर्द किया गया है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सिंधिया राजपरिवार संपत्ति बंटवारा विवाद, ज्योतिरादित्य की बड़ी बुआ की बेटी ने सबूत पेश करने को मांगा समय