नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर/बुधनी। सलकनपुर स्थित प्रसिद्ध देवी धाम मां विजयासन के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को गुरुवार को बुधनी हाईवे बायपास पर एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बच्चों और बुजुर्गों सहित करीब दो दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से 8 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम रेफर किया गया है।
दर्शन कर रायसेन लौट रहे थे सभी श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम खपरिया निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सलकनपुर देवी दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को दर्शन-पूजन के बाद सभी वापस अपने गांव खपरिया लौट रहे थे।
इसी दौरान बुधनी बायपास पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को भीषण टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल भूरी केवट (निवासी खपरिया) ने दम तोड़ दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीर, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व राहगीर मदद के लिए दौड़े। स्थानीय नागरिकों और बुधनी पुलिस ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक जांच के बाद जिन आठ घायलों की स्थिति बेहद नाजुक थी, उन्हें बेहतर उपचार के लिए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल
-रामभरोस केवट पिता सीताराम केवट (40 वर्ष, निवासी खपरिया)
-आशीष पिता महेंद्र (11 वर्ष)
-मोहन पिता प्रहलाद मेहरा (40 वर्ष)
-कांति बाई मेहरा पति महेंद्र मेहरा (40 वर्ष)
-विजय मीना
-धर्मशीला गोस्वामी पुत्री पर्वत भारती
-प्रियंका मेहरा पुत्री महेंद्र मेहरा
-समीक्षा मेहरा पुत्री महेंद्र मेहरा
-मुस्कान गोस्वामी पुत्री पर्वत भारती
-रीना मेहरा पति अजय मेहरा
-रुद्र मेहरा पिता अजय मेहरा (2 वर्ष)
-पूर्वी मेहरा पिता अजय मेहरा
-सोनू मेहरा पिता पप्पू मेहरा
-हर्षवीर पिता मंगल सिंह मेहरा
-शिवरती मेहरा पिता महेंद्र मेहरा
-जमुना बाई पति पर्वत भारती
-आरणी पुत्री महेंद्र
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।