
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता कमलेश दोहरे को महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि कमलेश दोहरे ने उसे पार्टी में बड़ा पद दिलाने का भरोसा देकर अपने झांसे में लिया और इसके बाद कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला की शिकायत पर भोपाल के मिसरोद थाने में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामले में गिरफ्तारी के लिए मिसरोद थाना पुलिस ने सीहोर कोतवाली पुलिस से मदद मांगी थी। इसके बाद भोपाल पुलिस की टीम सीहोर पहुंची। सीहोर पुलिस के सहयोग से कमलेश दोहरे को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मिसरोद थाना पुलिस उन्हें अपने साथ भोपाल ले गई, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।
सीहोर कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि यह मामला भोपाल कमिश्नरेट के मिसरोद थाना क्षेत्र का है। एक महिला की शिकायत पर कमलेश दोहरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान आरोपित की गिरफ्तारी के लिए मिसरोद पुलिस ने सीहोर कोतवाली से सहयोग मांगा था।
यह भी पढ़ें- पूर्व OSD पर रिश्वत का आरोप लगाने वाले मोहित गोगिया पर शिकंजा, EOW ने कोर्ट में पेश किया चालान
इसके बाद मिसरोद थाने की पुलिस सीहोर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कमलेश दोहरे को गिरफ्तार किया गया। बाद में भोपाल पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। फिलहाल मामले की जांच मिसरोद थाना पुलिस कर रही है।