सीहोर की VIT यूनिवर्सिटी में देर रात बवाल; वायरल वीडियो में जूनियर-सीनियर विवाद का दावा
सीहोर के आष्टा-भोपाल हाईवे स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी में सोमवार देर रात छात्रों ने प्रदर्शन कर हंगामा किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्रों ने जूनियर और सीनियर के बीच विवाद की वजह बताई ।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 09:43:55 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 09:43:55 AM (IST)
सोमवार देर रात कैंपस के ब्लॉक-6 के बाहर जुटे सैकड़ों छात्र, जमकर की नारेबाजी। वीडियोग्रेब।HighLights
- सोमवार देर रात कैंपस के ब्लॉक-6 के बाहर जुटे सैकड़ों छात्र
- वीडियो में छात्रों ने जूनियर और सीनियर के बीच विवाद बताया
- हंगामे की असली वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस में शिकायत नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि सीहोर। सीहोर आष्टा-भोपाल हाईवे पर स्थित वीआईटी (VIT) यूनिवर्सिटी में एक बार फिर सोमवार देर रात छात्रों ने जमकर हंगामा किया। कैंपस के ब्लॉक-6 के बाहर अचानक सैकड़ों छात्रों की भीड़ जमा हो गई और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के वीडियो मंगलवार को शेयर हो रहे हैं।
कुछ महीने पहले हुए बड़े विवाद के बाद भी यूनिवर्सिटी प्रशासन कैंपस में ऐसे हंगामों को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।
ब्लॉक-6 के बाहर नारेबाजी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में छात्र हॉस्टल और कैंपस की इमारतों से निकलकर ब्लॉक-6 की तरफ जाते और शोर-शराबा करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में एक छात्र यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि कैंपस में जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई हुई है।
हालांकि, हंगामे की असली वजह क्या थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। मामले में न तो अभी तक पुलिस में कोई केस दर्ज कराया गया है और न ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन की तरफ से कोई बयान सामने आया है।
देर रात तक मची रही अफरा-तफरी
देर रात अचानक बढ़ी छात्रों की भीड़ और तीखी नारेबाजी के चलते कैंपस में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी अव्यवस्थाओं और अंदरूनी विवादों को लेकर इस यूनिवर्सिटी में बड़ा बवाल मच चुका है, जिससे प्रबंधन के कामकाज के तरीके पर गंभीर सवाल उठे थे।
कैंपस में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर यहां की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।