'उपाय काम करते तो बेटा फेल क्यों होता?': पंडित प्रदीप मिश्रा पर दिग्विजय सिंह का तंज, 350 करोड़ की FD की चर्चा पर उठाए सवाल
दिग्विजय सिंह ने सीहोर के स्थानीय लोगों के बीच पंडित प्रदीप मिश्रा की करीब 350 करोड़ रुपये की एफडी होने की चर्चा का उल्लेख किया और उनकी आर्थिक स्थिति ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 02:56:47 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 02:56:47 PM (IST)
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा को लेकर तीखी टिप्पणी की है। वीडियोग्रेबHighLights
- प्रदीप मिश्रा पर दिग्विजय सिंह ने की टिप्पणी
- 350 करोड़ की एफडी की चर्चा का जिक्र किया
- कथावाचक के बताए उपायों पर सवाल उठाए
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा को लेकर तीखी टिप्पणी की है।
दिग्विजय सिंह ने बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा को लेकर कथावाचक द्वारा बताए जाने वाले उपायों पर सवाल उठाते हुए उनकी संपत्ति और वित्तीय स्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए।
'उपाय करने पर भी बच्चे फेल हो गए'- दिग्विजय
वीडियो में दिग्विजय सिंह कथावाचक के पुराने कथित बयान का जिक्र करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि बच्चों को पढ़ाई करने के बजाय भगवान शिव को बेलपत्र और शहद चढ़ाने से परीक्षा में सफलता मिलने की बात कही जाती थी। उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि जब उनके ही बेटे परीक्षा में फेल हो गए तो इस तरह के उपायों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
350 करोड़ की एफडी की चर्चा का किया जिक्र
दिग्विजय सिंह ने पंडित प्रदीप मिश्रा की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीहोर के स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि महज दो साल में पंडित प्रदीप मिश्रा के पास करीब 350 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपाजिट हो गई है। इसी को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देखना चाहिए कि पिछले दो साल में वे क्या से क्या हो गए।
हालांकि, दिग्विजय सिंह ने यह स्पष्ट किया कि 350 करोड़ रुपये की एफडी होने का दावा वे स्वयं नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे केवल सीहोर के स्थानीय लोगों द्वारा कही जा रही बातों का उल्लेख कर रहे हैं।
बयान की सोशल मीडिया में चर्चा
दिग्विजय सिंह की इस टिप्पणी के बाद पंडित प्रदीप मिश्रा की संपत्ति, आय और वित्तीय स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, 350 करोड़ रुपये की एफडी संबंधी दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।