
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के डीमावर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े एक किसान की हत्या से सनसनी फैल गई। 42 वर्षीय राजेश यदुवंशी अपने खेत पर काम करने गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भैरुंदा अस्पताल भेज दिया है, वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
भैरुंदा एसडीओपी रोशन जैन के मुताबिक मृतक के भाई ने खेत पर राजेश का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार फिलहाल मामला संदिग्ध है और हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस संभावित सुराग तलाश रही है।
यह भी पढ़ें- बालोद में हाथ पर बने केके टैटू ने खोला ब्लाइंड मर्डर का राज, हत्यारे युवक को उम्रकैद की सजा
ग्रामीणों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।