
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर/ बुदनी। नगर के वार्ड नंबर 12 में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से पूरे बुधनी नगर में सनसनी फैल गई। घर के अंदर पति-पत्नी और उनके बेटे के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक साथ तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात मंगलवार रात की बताई जा रही है। हालांकि हत्या किसने और किस वजह से की, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकान में परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी में वारदात मंगलवार रात की होना बताया जा रहा है। घर के भीतर तीन लोगों की हत्या किस परिस्थिति में हुई और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या कारण रहे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिवार से जुड़े लोगों, परिचितों और आसपास के रहवासियों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
बुधनी जैसे नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। वारदात के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस जघन्य हत्याकांड ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। नगरवासियों को पुलिस की जांच और हत्याकांड के जल्द खुलासे का इंतजार है।