
नवदुनिया न्यूज, बुदनी। तहसील मुख्यालय बुदनी के समीप ग्राम बगवाड़ा में मंगलवार शाम एक निजी कारखाने एवं विद्युत सामग्री के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गोदाम में रखी केबल वायर, बिजली के उपकरणों से संबंधित सामग्री और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा।
आग की भयावहता को देखते हुए बुदनी नगर परिषद की दमकल के अलावा वर्द्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन को नर्मदापुरम से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े। खबर लिखे जाने तक आधा दर्जन से अधिक दमकलों की मदद से आग बुझाने के प्रयास जारी थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम बगवाड़ा में संचालित इस निजी कारखाने के संचालक हरियाणा निवासी दीपक शर्मा हैं। यहां विद्युत सामग्री का कारोबार किया जाता है और गोदाम में बड़ी मात्रा में केबल वायर सहित अन्य बिजली उपकरणों से संबंधित सामान रखा हुआ था।
मंगलवार शाम अचानक गोदाम के एक हिस्से से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शुरुआती दौर में आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन गोदाम में रखी सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही बुदनी नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की तीव्रता लगातार बढ़ती देख वर्द्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की दमकलों को भी बुलाया गया। तीनों स्थानों से पहुंची दमकल टीमें लगातार पानी की बौछारें करती रहीं, लेकिन गोदाम में रखी विद्युत सामग्री और प्लास्टिक के सामान के कारण आग पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
आग की लपटें लगातार तेज होती जा रही थीं। हालात को देखते हुए नर्मदापुरम से भी फायर ब्रिगेड के वाहन बुलाए गए। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक दमकलों ने अलग-अलग दिशाओं से आग बुझाने का मोर्चा संभाला। दमकलकर्मी लगातार आग पर पानी डालकर उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने में जुटे रहे। कई घंटे तक चले इस प्रयास के चलते आग बुझाने पर काबू पाया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी में ₹1,134 करोड़ के सामग्री खरीदी घोटाले पर एक्शन, 5 सदस्यीय समिति गठित, 15 दिन में देगी रिपोर्ट
गोदाम में बड़ी मात्रा में विद्युत उपकरण, केबल वायर और प्लास्टिक से संबंधित सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है।
हालांकि आग पूरी तरह बुझने और गोदाम में रखे सामान का निरीक्षण होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। आग के कारण कारखाने में रखे शेष सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
कारखाने में आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
थाना प्रभारी सुनील ठाकुर ने बताया कि कारखाने में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल वाहनों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से भी दमकल बुलाई गई है। फिलहाल आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
बगवाड़ा में विद्युत सामग्री के गोदाम में लगी भीषण आग ने औद्योगिक इकाइयों और निजी गोदामों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोदाम में बड़ी मात्रा में केबल वायर, प्लास्टिक और अन्य विद्युत सामग्री का भंडारण था। ऐसी सामग्री में आग लगने पर उसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
घटना के दौरान आसपास की कंपनियों और नर्मदापुरम से दमकल बुलाने की नौबत आना भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों की पर्याप्तता पर सवाल खड़े करता है। अब यह भी जांच का विषय होगा कि कारखाने में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और अग्निशमन सुरक्षा के निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।