सीहोर में मनचले की पिटाई कर बाइक फूंकी, 10 साल की बच्ची से छेड़छाड़ पर फूटा मां का गुस्सा
इछावर में 10 साल की बच्ची से छेड़छाड़ से नाराज मां ने सहेली के साथ मिलकर मनचले की पिटाई कर दी। भीड़ ने उसकी बाइक फूंक दी। पुलिस एक घंटे देरी से पहुंची।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 09:23:31 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 09:23:31 PM (IST)
सीहोर में मनचले की पिटाई कर बाइक फूंकी। (नईदुनिया)HighLights
- 10 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप।
- मां ने मनचले को बुलाकर की पिटाई।
- भीड़ ने आरोपी की बाइक में आग लगाई।
नईदुनिया न्यूज, इछावर: बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों से परेशान एक मां का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। उसने अपनी सहेली के साथ मिलकर आरोपी युवक को मिलने के बहाने बुलाया और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर जुटे लोगों ने भी आरोपी की धुनाई की और आक्रोश में उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। भैरूंदा हाईवे पर कांकड़खेड़ा माता मंदिर के सामने हुई इस घटना से काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाने पहुंची मां, नहीं हुई सुनवाई का आरोप
- जानकारी के अनुसार चांद पठान नामक युवक पर आरोप है कि वह लंबे समय से 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची को परेशान कर रहा था। वह फोन कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करता था। परेशान होकर बच्ची ने जब इसकी जानकारी अपनी मां को दी तो मां ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने का फैसला किया।
पीड़िता की मां का आरोप है कि वह घटना से एक दिन पहले ही आरोपी की शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद भी जब आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं तो मां ने अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए खुद ही कदम उठाने का निर्णय लिया। यह भी पढ़ें- Bhopal में यूनियन कार्बाइड के पास नगर निगम ही बना रहा अवैध डंपिंग साइट, खुलेआम फेंका जा रहा कचरा
फोन कर मिलने बुलाया, फिर की पिटाई
बताया जा रहा है कि मां ने अपनी सहेली के साथ मिलकर योजना बनाई। इसके तहत नाबालिग के मोबाइल फोन से आरोपी को कांकड़खेड़ा के पास मिलने के लिए बुलाया गया। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, पहले से मौजूद मां और उसकी सहेली ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। आक्रोशित लोगों ने उसकी बाइक में आग लगा दी।
डायल 112 पर सूचना के बाद भी एक घंटे की देरी
- इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। पीड़िता की मां के अनुसार, घटना से करीब एक घंटे पहले ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी गई थी, इसके बावजूद पुलिस बल करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने के बाद फरियादी मां और अन्य लोगों को थाने ले जाया गया। इस दौरान हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवार का समर्थन किया।
- बाद में थाना प्रभारी के साथ पीड़िता पक्ष को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीहोर भेजा गया। घटना ने एक बार फिर नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा और छेड़छाड़ की शिकायतों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों और पुलिस की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि तथा जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।
यह भी पढ़ें- MP में 63,296 करोड़ रुपये से बनेंगे पांच ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, भोपाल-ग्वालियर के बीच नया मार्ग