
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : शहर को कचरे से मुक्त रखने और उसके वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन की जिम्मेदारी संभालने वाले नगर निगम के कर्मचारी ही शहर में अवैध डंपिंग साइट तैयार कर रहे हैं। यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के पीछे रेलवे ओवरब्रिज के पास गड्ढा खोदकर निगम के कचरा वाहनों से खुलेआम कचरा डंप किया जा रहा है। यहां नाले-नालियों की सफाई से निकलने वाला स्लज ही नहीं, बल्कि सड़कों से उठाया गया अन्य कचरा भी फेंका जा रहा है। लंबे समय से चल रही इस गतिविधि पर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी और कार्रवाई दोनों सवालों के घेरे में हैं।
दरअसल, घरों और सड़कों ने उठाए जाने वाले कचरे को नगर निगम के डोर-टू-डोर वाहनों से गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाया जाता है। यहां से कैप्सूल वाहनों के जरिए आदमपुर खंती ले जाकर उसका निष्पादन किया जाता है। लेकिन निगम के वाहन इस व्यवस्था को दरकिनार कर रहे हैं।
यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के पीछे बने गड्ढे को अघोषित डंपिंग साइट की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नाले-नालियों से निकलने वाले स्लज को आदमपुर नहीं भेजा जाता। ऐसे में अधिकारियों के निर्देश पर इसे यहां डाला जा रहा है। वहीं, कुछ कर्मचारी ट्रांसफर स्टेशन और आदमपुर तक की दूरी तय करने में लगने वाले डीजल को बचाने के लिए बीच रास्ते में ही कचरा खाली कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में किसानों के मुद्दों पर सपा का हल्ला बोल, CM और कृषि मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे थे
खुले में कचरा डंप होने से पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। आसपास रहने वाले लोगों के साथ यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कचरे के ढेर पर आवारा पशुओं का जमावड़ा लग रहा है। इससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है। खुले में स्लज और अन्य कचरा फेंकने से मिट्टी और आसपास के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- MP सरकार का कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट, चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के DA में बड़ी बढ़ोतरी