
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्यामपुर। सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाल स्थिति और बिजली की अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीणों एवं किसानों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। चांदबढ़ के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर चक्काजाम करने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान सड़क की दुर्दशा और बिजली व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह में समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला पंचायत के पूर्व सदस्य राजेश गौर सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। मौके पर सीहोर तहसीलदार विराट अवस्थी, बिजोरी डीसी तथा जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और समाधान का आश्वासन दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सीहोर से श्यामपुर तक सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, डामर की परत उखड़ चुकी है और गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। यह सड़क श्यामपुर तहसील सहित अनेक गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ती है। प्रतिदिन किसान, विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और मरीज इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाली इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि 24.30 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण पर करीब 29.03 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। 28 जून 2022 को परियोजना को मंजूरी मिली थी और निर्माण एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया गया था।
सड़क निर्माण में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) तकनीक का उपयोग किया गया था। इसे प्रदेश की इस तकनीक से बनने वाली पहली सड़क बताया गया था। दावा किया गया था कि तकनीक से सड़क अधिक मजबूत और टिकाऊ बनेगी, लेकिन कुछ समय बाद ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।
जून 2023 में पहली बारिश के बाद सड़क के कई हिस्सों में उखड़ने, दरारें आने और पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें सामने आई थीं। अब फिर बदहाल स्थिति ने निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने सड़क की तकनीकी जांच, तत्काल मरम्मत और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- भोपाल, इंदौर और जबलपुर रेल इकाइयों में अफसरों की कमी; SP-DSP के 12 पदों में से 5 खाली, कामकाज ठप
ग्रामीणों का कहना है कि अघोषित बिजली कटौती से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिना पूर्व सूचना बिजली बंद होने से किसानों को सिंचाई सहित अन्य कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
फिलहाल एक सप्ताह के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क की मरम्मत और बिजली व्यवस्था में वास्तविक सुधार चाहिए। यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो फिर आंदोलन किया जाएगा।