
नईदुनिया ब्यूरो, सीहोर/बुदनी। बुदनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई बेदखली की कार्रवाई ने अब बड़ा सियासी और प्रशासनिक तूल पकड़ लिया है। गरीब परिवारों के आशियानों को जमींदोज करने और खड़ी फसलों को नष्ट किए जाने की सूचना मिलते ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तत्काल कोसमी पहुंचे।
वहां का मंजर देखकर केंद्रीय मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने बेघर हुए ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और साफ लहजे में चेतावनी दी कि गरीबों पर ज्यादती करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर फूटा गुस्सा
घटनास्थल पर जब केंद्रीय मंत्री पहुंचे, तो वहां वन विभाग अथवा जिला प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। इस प्रशासनिक लापरवाही पर शिवराज सिंह चौहान भड़क उठे। उन्होंने मौके से ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन से फोन पर संपर्क साधा और पूरी घटना पर कड़ी नाराजगी जताई।
.jpg)
केंद्रीय मंत्री ने मुख्य सचिव से दो टूक कहा कि भीषण गर्मी-बरसात के दौर में गरीबों के घरों को तोड़ना और उनकी फसलों को कुचलना अमानवीय कृत्य है।
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और स्पष्ट किया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव से भी सीधी चर्चा कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
यह भी पढ़ें- अब बस, 20 दिन और बाकी; छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर के बाद खुद के वाहन से मंत्रालय आएंगे 3500 कर्मचारी
फसलें उजाड़ीं, पेयजल का कुआं भी मिट्टी से भरा
पीड़ित परिवारों ने केंद्रीय मंत्री को आपबीती सुनाते हुए बताया कि बुलडोजर कार्रवाई के दौरान उनके मक्के और तुअर की तैयार फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया। इतना ही नहीं, जिस कुएं का इस्तेमाल ग्रामीण सिंचाई और पीने के पानी के लिए करते थे, उसे भी प्रशासनिक अमले ने मिट्टी से पाट दिया।
.jpg)
इस अमानवीयता पर केंद्रीय मंत्री ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आजीविका और जल स्रोतों को नष्ट करना घोर अक्षम्य अपराध है।
नए मकान बनेंगे, तब तक रहने-खाने की व्यवस्था
केंद्रीय मंत्री ने रोते-बिलखते ग्रामीणों को गले लगाकर आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने ऐलान किया कि जिन परिवारों के आशियाने तोड़े गए हैं, उन सभी के लिए पक्के नए मकान बनवाए जाएंगे।
जब तक नए घर तैयार नहीं हो जाते, तब तक सभी प्रभावित परिवारों के रहने और भोजन का पूरा अस्थायी प्रबंध कराया जाएगा। चौहान ने कहा, "गरीबों का आशियाना उजाड़ने वालों पर ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।"
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के चार शहरों में चलेंगी 240 ई-बसें, रायपुर को मिलेगी सबसे ज्यादा 100 बसें