नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सीहोर शहर संभाग के तहत बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विजिलेंस व विभागीय टीम पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोपितों ने न सिर्फ टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात एक महिला कर्मचारी का गला दबाने की कोशिश भी की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति संभाली, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने 8 नामजद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जांच करने पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी को 11 केवी ग्वालटोली फीडर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर प्रबंधक जोन-2 साधना कोरवती और सहायक प्रबंधक विशाल मालवीय के साथ जांच दल शहर के कंजर चौराहा क्षेत्र पहुंचा।
टीम जब एक परिसर में बिजली कनेक्शन की बारीकी से जांच कर रही थी, तभी आसपास के कुछ लोग उग्र हो गए और विरोध जताने लगे।
देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि जयप्रकाश, जयवंती और उनके साथियों ने जांच दल को घेरकर अभद्रता शुरू कर दी।
उपद्रवियों ने महिला कर्मचारी प्रीति शुक्ला का गला दबाने की कोशिश की और लाइन हेल्पर राहुल चौहान का हाथ मरोड़कर मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने जानलेवा इरादे से चेकिंग टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
डायल-112 ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान
स्थिति बिगड़ती देख जांच दल ने तत्काल आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 पर काल कर मदद मांगी। पुलिस बल के सायरन बजाते मौके पर पहुंचते ही हमलावर पीछे हटे। पुलिस सुरक्षा के बीच टीम वहां से सुरक्षित निकली और सीधे कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
घटना की जानकारी मिलते ही महाप्रबंधक पूनम तुमराम और उप महाप्रबंधक शहर अंकित पालीवाल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। बिजली कंपनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कंजर चौराहा निवासी आठ आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
नामजद आरोपितों में जयप्रकाश, करन सिलावट, सचिन सिलावट, दीपक, जयवंती, रानी, मीरा और आदित्य शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और महिला कर्मचारी से अभद्रता के मामले में नामजद आरोपितों की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुके हैं पथराव के मामले
शहर में 31 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 25 हजार 600 से अधिक घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी डिवाइस आदि के जरिए बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं।
सीहोर में चेकिंग दलों पर हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नवंबर 2022 में इछावर रोड पर बिजली चोरी पकड़ने गई विजिलेंस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव किया था। वहीं सितंबर 2023 में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान भी कई वार्डों में कर्मचारियों के साथ झूमाझटकी और मीटर तोड़ने की घटनाएं सामने आई थीं।
शासकीय कार्य में बाधा बर्दाश्त नहीं
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन ने मैदानी अमले पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। कंपनी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फील्ड ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से किसी भी प्रकार की अभद्रता, मारपीट या शासकीय कार्य में रुकावट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस में त्वरित प्रकरण दर्ज कराकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।