
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के ढाबला गांव में विद्युत विभाग की ओर से आयोजित विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण एवं विकास कार्यों के कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने संबोधन के दौरान लोगों को अच्छे कर्म करने की सीख दी।
उन्होंने कहा कि जीवन में किसी का बुरा नहीं करना चाहिए और बदले की भावना से दूर रहना चाहिए। मंत्री वर्मा ने कहा कि “गलत काम करने वालों सुधर जाओ, वरना अगले जन्म में नाग बनोगे।”
उन्होंने पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए। किसी के प्रति बुराई या गलत भावना रखने से व्यक्ति का ही पतन होता है। राजस्व मंत्री ने राजनीतिक संदर्भ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि “पहले हमें इछावर विधानसभा से 42 प्रतिशत वोट मिले थे, अबकी बार 54 प्रतिशत वोट मिले हैं।जो आज हमें सहयोग नहीं कर रहे हैं, वे कल करेंगे।”
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को मिले जीवन का उपयोग अच्छे और जनहित के कार्यों के लिए करना चाहिए, उन्होंने कहा कि समाज और क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। बुराई और बदले की भावना को छोड़कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से ही क्षेत्र और समाज का विकास संभव है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी फिर आ सकते हैं एमपी, प्रदेश में आदिवासियों के मुद्दों को हवा देने के लिए कर सकते हैं बालाघाट का दौरा