
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के थाना बरघाट पुलिस ने बाजार में बिछड़े 4 वर्षीय मासूम को परिजनों से सकुशल मिलवा दिया है। इस दौरान बच्चे का पुलिस थाना परिसर में केक काटकर जन्मदिन भी मनाया गया।
10 अक्टूबर को बरघाट के साप्ताहिक बाजार में भीड़-भाड़ में 4 वर्षीय बालक अपने परिजनों से बिछड़कर अकेला घूम रहा था। इसकी सूचना मिलने पर बरघाट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित थाने लेकर आई और परिजनों का पता लगाने सोशल मीडिया व आसपास के गांवों में सूचना प्रसारित की गई।
थाना स्टाफ द्वारा संवेदनापूर्वक पूछताछ की तो बच्चे ने अपना नाम शिवांश परते तथा पिता का नाम विनोद परते बताया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने बच्चे के पिता को पुलिस थाना बुलाया व आवश्यक सत्यापन के बाद बालक को परिवार के सुपुर्द कर दिया है।
सत्यापन के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि 10 अक्टूबर को ही शिवांश का जन्मदिन भी है। इस दिन को यादगार बनाने बरघाट पुलिस ने थाना परिसर में केक काटकर बालक शिवांश का जन्मदिन भी मनाया।
पुलिस के इस मानवीय दृष्टिकोण व आत्मीय व्यवहार से बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। वहीं परिजनों ने भी पुलिस की इस तत्परता व संवेदनशीलता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बच्चे को परिवार से मिलाने में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहनिश बैस और आरक्षक पराग राहंगडाले की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- नवरात्र में बड़ी कार्रवाई : जबलपुर में तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा महंगा, संचालकों के पास नहीं थी अनुमति