
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। 24 अक्टूबर को वन क्षेत्र में तेज रफ्तार से वाहन चलाने, कचरा (बीयर की बोतलें) फेंकने और प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन से उतरकर वन्यजीवों के क्षेत्र में व्यवधान डालने पर वन विभाग ने जबलपुर और नागपुर के पर्यटकों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर गुरुवार को दो कारों में सवार होकर कुछ महिला और पुरुष पर्यटक पेंच घूमने आए थे। इनमें से एक वाहन नागपुर पासिंग और दूसरा जबलपुर पासिंग था।
पर्यटकों ने खवासा क्षेत्र स्थित शराब दुकानों से सामग्री खरीदी और वन क्षेत्र में अनियंत्रित गति से वाहन चलाते हुए बीयर के खाली केन व बोतलें जंगल में फेंक दीं।
दूसरे वाहन में सवार पर्यटकों ने प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद कार से नीचे उतरकर वन्यजीवों के रहवास में खलल डालने का प्रयास किया। इस हुड़दंग और नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिली।
मिलते ही पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा वन परिक्षेत्र के स्टाफ ने तत्काल एक्शन लिया। वन अमले ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों को गंभीरता से लेते हुए दोषी पर्यटकों को पकड़ा और नियमानुसार प्रति व्यक्ति अर्थदंड (जुर्माना) वसूल कर उन्हें सख्त हिदायत दी।
पेंच प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के मद्देनजर 1 अक्टूबर से खवासा-टुरिया मार्ग पर विशेष नियम लागू किए गए हैं। इस सघन वन क्षेत्र में एक बैरियर से दूसरे बैरियर के बीच वाहन से नीचे उतरना, फोटोग्राफी करना और तय गति सीमा का उल्लंघन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
प्रबंधन लगातार पर्यटकों को समझाइश दे रहा है कि टुरिया गेट तक पहुंचने के लिए 'चधार से अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, इसके बावजूद कई पर्यटक जानबूझकर इसी संवेदनशील मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
खवासा से टुरिया तक का यह मार्ग पार्क का बफर एरिया है, जहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा आवाजाही होती है। यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। इन दिनों यहां प्रसिद्ध बाघिन 'जुगनी' अपने शावकों के साथ जंगल किनारे अक्सर विचरण करते हुए देखी जा रही है।
पूर्व में इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से वन्यजीवों की मौत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिसे देखते हुए वन विभाग अब किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन पर जीरो टालरेंस की नीति अपना रहा है।
यह भी पढ़ें- चक्रवात के प्रभाव से 28 से करवट लेगा मौसम, जबलपुर समेत आसपास के जिलों में बादल-बारिश के आसार