
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। वन व वन्यजीव संरक्षण को अधिक प्रभावी बनाने तथा आधुनिक तकनीक से जंगल की निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पेंच टाइगर रिजर्व में विशेष ड्रोन स्क्वाड गठित किया है। पिछले सप्ताह गठित ड्रोन स्क्वाड के अधिकारियों व मैदानी अमले को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण देकर ड्रोन उपयोग की बारिकियां समझाई व बताई गई हैं।
प्रशिक्षण में मैदानी अमले ने ड्रोन संचालन की सैद्धांतिक व व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। ड्रोन तकनीक से दुर्गम व घने वन क्षेत्रों की निगरानी, वन्यप्राणियों की गतिविधियों व उनके विचरण क्षेत्रों का अध्ययन, अवैध शिकार व अवैध मत्स्याखेट जैसी गतिविधियों की पहचान तथा मानव-वन्यजीव द्वंद्व की संभावित परिस्थितियों में त्वरित जानकारी प्राप्त करने में पेंच प्रबंधन को सहायता मिलेगी।
ड्रोन स्क्वाड में चयनित दल के अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण के बाद आवश्यकता पड़ने पर स्वयं ड्रोन का उपयोग कर वन सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण व अवैध गतिविधियों की रोकथाम संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित कर सकेंगे।
प्रशिक्षण में वन अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्रोन उड़ाने की मूलभूत तकनीक, सुरक्षित संचालन, उड़ान पूर्व जांच, विभिन्न फ्लाइट मोड, कैमरा व सेंसर सिस्टम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में संचालन के नियमों व आवश्यक अनुमतियों के बारे में बताया गया।
पेंच टाइगर रिजर्व में वन विभाग के पास अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक, थर्मल इमेजिंग और हाई-रिजाल्यूशन कैमरों से युक्त अत्याधुनिक ड्रोन उपलब्ध हैं। थर्मल इमेजिंग तकनीक से दिन और रात सहित विभिन्न परिस्थितियों में वन्यप्राणियों व अन्य गतिविधियों का पता लगाने में सहायता मिलेगी।
अत्याधुनिक कैमरों की मदद से काफी दूर स्थित स्थानों के भी स्पष्ट व उच्च गुणवत्ता वाले फोटो व वीडियो प्राप्त किए जा सकेंगे। वहीं एआई आधारित तकनीक निगरानी एवं विश्लेषण की क्षमता को और बेहतर बनाएगी।
यह भी पढ़ें- सात विभागों का प्रभार, प्रताड़ना के आरोप और सुरक्षा की गुहार; सहायक कुलसचिव ने मांगा तबादला