
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र को ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया बताने वाले एक फर्जी विज्ञापन के झांसे में आकर केवलारी निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए।
ठगों ने बुजुर्ग से बैंक खाता व एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल करने के बाद उनके मोबाइल पर काल फारवर्डिंग सक्रिय कर दी और दो दिनों के भीतर 14 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 16 लाख 20 हजार 515 रुपये निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार केवलारी आजाद वार्ड निवासी शिवप्रसाद पाठक (75) अपने मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करने से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया।
विज्ञापन में दी गई प्रक्रिया का पालन करते हुए उन्होंने एक आनलाइन फार्म भरा और वहां दिए गए 'काल नाउ' विकल्प पर क्लिक कर दिया। इसके तुरंत बाद एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।
ठग ने बुजुर्ग को अपने मोबाइल से एक विशेष कोड डायल करने को कहा, जिससे उनके नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई। आरोपित ने फार्म जमा होने का झांसा देते हुए बुजुर्ग से रात में मोबाइल का इंटरनेट चालू रखने को कहा, ताकि प्रमाण पत्र वाट्सऐप पर भेजा जा सके।
इस दौरान ठग ने कई बार वाट्सऐप वीडियो काल भी किए, लेकिन बुजुर्ग काल नहीं उठा सके। अगली सुबह जब उन्होंने मोबाइल देखा, तो खाते से लगातार ऑनलाइन रकम निकाले जाने के संदेश मिले, जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। ठगी की जानकारी मिलते ही शिवप्रसाद पाठक ने अपनी बेटी दीप्ति तिवारी को पूरी घटना बताई।
बेटी ने साइबर ठगी की आशंका जताते हुए तत्काल बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की सलाह दी, जिसके बाद बैंक खाते को फ्रीज कराया गया। मोबाइल पर आए संदेशों से यह भी स्पष्ट हुआ कि उनके नंबर पर काॅल फारवर्डिंग सक्रिय कर दी गई थी।
जांच में सामने आया कि 30 व 31 अक्टूबर को कुल 14 ट्रांजेक्शन के माध्यम से खाते से 16 लाख 20 हजार 515 रुपये आहरित किए गए हैं। मामले में थाना केवलारी में ई-जीरो एफआइआर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना व बैंक ट्रांजेक्शन से छानबीन शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- पर्यटन में बनाएं करियर, 12वीं के बाद कर सकते हैं कई कोर्स; जबलपुर में भी उपलब्ध हैं टूरिज्म से जुड़े पाठ्यक्रम