
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। दर्शकाें की नजरें उस वक्त मंच पर टिक गईं, जब केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक मझे हुए कलाकार के रूप में नजर आए। विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन मनोरंजन के साथ परंपराओं की खूबसूरत विरासत हैं।
जिले के बर्रा में गणेश उत्सव पर वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आदर्श नाट्य कला मंडल के नवयुवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान धार्मिक नाटक भक्त पूरनमल व रावण वध का भावपूर्ण मंचन किया।

देर रात तक चले इन नाट्य आयोजनों में विधायक रजनीश सिंह ने अलग-अलग नाटकों में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नाटक ''भक्त पूरनमल'' में जहां पंजाब केसरी राजा शंखपति का दमदार किरदार निभाया, वहीं रावण वध के सुंदर मंचन में कवि की भूमिका का निर्वहन किया। पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर उतरे विधायक का यह अलग अंदाज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
.jpg)
खास बात यह रही कि जिस गांव की गलियों में उनका बचपन बीता, उसी अपनी मिट्टी और लोगों के बीच अभिनय करना उनके लिए बेहद आत्मीय व आनंददायक अनुभव रहा। कलाकारों की शानदार संवाद अदायगी, सशक्त अभिनय और बेहतरीन मंचीय प्रस्तुति ने नाटक के सभी प्रसंगों को जीवंत कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने इस प्रस्तुति का आनंद लिया और युवाओं के उत्साह की जमकर सराहना की।

विधायक रजनीश सिंह और आयोजकों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये हमारी पहचान, धार्मिक आस्था और ग्रामीण परंपराओं की खूबसूरत विरासत हैं।
युवाओं की कला और मेहनत के जरिए लोककला को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति व संस्कारों से जोड़ने का यह एक बेहद सुंदर प्रयास है। गणेश उत्सव की इसी भक्तिमय व सांस्कृतिक भावना के साथ पूरा गांव "गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया" के जयकारों से गूंज उठा।