
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के मुंगवानी रोड पर मोक्षधाम के पास शराब दुकान खोले जाने का स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को कड़ा विरोध किया।क्षेत्रवासियों ने शराब दुकान के संचालन का विरोध करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया, जो कई घंटों तक जारी रहा।
दोपहर में सड़क पर धरना देने बैठी क्षेत्रीय महिलाओं ने हनुमान चालीसा पाठ करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क बाधित रही। आवश्यक वाहनों व एंबुलेंस को निकलने की अनुमति दी गई, लेकिन भारी वाहन व बसें जाम में फंसी रहीं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने शराब दुकान के अंदर से शराब की बोतलों के कार्टन और अन्य सामग्री बाहर निकाल कर आग के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुकान के अंदर खिड़कियों के कांच तोड़े गए और सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। हालांकि घटना में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट लगने की कोई सूचना नहीं है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि प्रदर्शनकारी वहां जमा हो गए और कई घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की समझाइश के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए रास्ता सुनिश्चित किया। फिलहाल मामले में पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के राइट टाउन में बिक रही थी बघराजी में बनी कार्बाइड गन, कुंडम में भी छापा