
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। केवलारी क्षेत्र के ग्राम बंदेली के पास रात में अचानक नहर फूट गई। नहर में पानी छोड़े जाने के महज 24 घंटे के भीतर ही यह घटना हुई।
विभाग द्वारा 10 तारीख को बांध से पानी छोड़ा गया था,जो 12 तारीख की सुबह किसानों के खेतों तक पहुंचा ही था कि 13 तारीख की रात नहर क्षतिग्रस्त हो गई। नहर फूटने के बाद मरम्मत के लिए भीमगढ़ बांध से सीधे पानी बंद करने के बजाय विभागीय अमले ने सुबह करीब 10:30 बजे भसूड़ा एक्वाडक्ट का गेट बंद कर नहर का पूरा पानी भसूड़ा नाले में गिराना शुरू कर दिया है।
पहले से ही कम बारिश की मार झेल रहे क्षेत्र में इस तरह सिंचाई का पानी की बर्बादी से किसानों में आक्रोश है। नहर टूटने से सुकवाह से लेकर छींदा व खैररांजी तक के करीब 100 से 150 गांवों के किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री व क्षेत्रीय किसान सुजीत राय ने जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मुख्य नहर में मेंटेनेंस के नाम पर कोई काम नहीं कराया गया। न तो जेसीबी-पोकलेन मशीनें लगाई गईं और न ही नहर के अंदर उगी घास, बेशरम व सिल्ट की सफाई की गई। बिना समुचित मरम्मत के ही नहर में पानी छोड़ दिया गया।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि अभी विभाग ने केवल 150 क्यूसेक पानी ही छोड़ा था, जिसे यह मुख्य नहर नहीं झेल सकी। यदि आगे 200 से 250 क्यूसेक पानी छोड़ा गया होता तो स्थिति और खराब हो सकती थी। पानी का स्तर घटने से खेतों के कुलाबों में पानी नहीं चढ़ पाएगा, वहीं कई किसानों की मोटरों में आटो-स्टार्टर लगे होने के कारण अचानक पानी बंद होने से मोटरें जलने का खतरा भी बढ़ गया है
किसानों ने सवाल उठाया है कि मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये की राशि स्वीकृत होने के बावजूद नहरें सुरक्षित क्यों नहीं हैं। यदि समय रहते नहर की मजबूत मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो किसानों की फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।अब देखना यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होती है।