
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जांच के नाम पर पुलिस अधिकारियों पर अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप होटल संचालक और होटल के मालिक ने लगाया है। इंटरनेट मीडिया में वायरल वीडियो 13 नवंबर शाम का बताया जा रहा है।
वीडियो में एएएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी होटल के अंदर दिखाई दे रहे हैं।
होटल संचालक संजय सनोडिया ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर हर माह 25-25 हजार रुपये मांगने तथा टीआई व एसडीओपी को 10-10 हजार रुपये पूर्व में देने का गंभीर आरोप लगाया है।
इस होटल को किराए पर चलाने वाले युवक ने भी कुछ दिन पहले पुलिस अधिकारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों व वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। एसपी लालचंदानी ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वेयरहाउस पर पांच गुना लोन दिलाने का झांसा, चाचा और रिश्तेदार ने हड़पे 30 लाख रुपये