
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। पेंच-कान्हा कॉरिडोर से लगे जिले के कुरई वन परिक्षेत्र के खंडासा जंगल में मवेशी चराने गए एक व्यक्ति की बाघ के हमले में मौत हो गई है। 15 नवंबर की शाम से लापता खंडासा निवासी योगेश देशमुख (49) का शव 16 नवंबर सोमवार सुबह वन अमले को सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से 500 मीटर दूर क्षत-विक्षत हालत में मिला है।
जानकारी के अनुसार, अन्य दो लोगों के साथ योगेश रविवार को मवेशी चराने कक्ष क्रमांक पीएफ-359 के जंगल गया था। जंगल गए अन्य लोग रविवार को शाम लगभग 5 बजे अंधेरा होने पर वापस गांव लौट आए, लेकिन योगेश मवेशियों के लिए पत्ती और चारा काटने की बात कहकर जंगल में ही रुक गया।
प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) एवं कुरई रेंजर राहुल शर्मा ने बताया कि रविवार शाम लगभग 5:40 बजे साथ गए लोगों के साथ योगेश की मोबाइल पर बात हुई थी, तब तक सब कुछ सामान्य था। आशंका है कि शाम करीब 6 बजे बाघ ने योगेश पर हमला कर दिया।
संयुक्त दल ने किया सर्च ऑपरेशन
इसके बाद जंगल गए मवेशी वापस गांव लौट गई, लेकिन योगेश के घर नहीं लौटने पर इसकी सूचना वन अधिकारियों के अलावा पुलिस को दी गई। सूचना पर वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त दल ने जंगल में सर्च अभियान शुरू किया।
मोबाइल लोकेशन की मदद से रविवार रात 12 बजे तक संयुक्त दल खोजबीन में लगा रहा। लेकिन रात के अंधेरे में कई घंटों के प्रयास के बावजूद लापता योगेश का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह 6-7 बजे जब पुनः सर्च अभियान प्रारंभ करने पर कक्ष क्रमांक पीएफ-359 से लगी निजी राजस्व भूमि के जंगल में मृतक के कपड़े, डंडे तथा शरीर के विभिन्न अंग (हाथ, पैर, सिर व धड़) अलग-अलग स्थानों पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े मिले।
यह भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के केन्द्रीय जेल में आने के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद, छत्तीसगढ़ की जेलों में चेकिंग अनिवार्य
घटनास्थल के निरीक्षण में मौके पर बाघ के पग मार्क
शरीर को घसीटे जाने के निशान व रक्त के धब्बे पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हमले के बाद घटनास्थल से शव को बाघ करीब 500 मीटर अंदर तक घसीटकर ले गया और शरीर के विभिन्न हिस्सों को खाकर क्षत-विक्षत कर दिया।
शव पोस्ट मार्टम के बाद वन अमले ने स्वजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन बच्चे के अलावा पिता और एक भाई हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर में गंदगी को लेकर नगरीय प्रशासन सख्त, दो अधिकारियों को थमाया नोटिस; तीन दिन में मांगा जवाब