
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में 1 नवंबर की दोपहर एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मक्का तोड़ने का काम कर रही चार महिला मजदूरों पर खेत मालिक ने उस वक्त ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जब वे खेत में बैठकर खाना खा रही थीं।
अचानक हुए इस हादसे में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। सभी को तत्काल जिला अस्पताल सिवनी में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल महिलाओं में देवकी मर्सकोले, उर्मिला ब्राह्मे, भूरी बाई परते और सुषमा नागवंशी शामिल हैं।
आरोप है कि खेत मालिक महेंद्र साहू ने भोजन कर रही इन महिलाओं पर अचानक ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खेत मालिक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों और विवाद के चलते खेत मालिक ने इस घटना को अंजाम दिया। कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी शिवशंकर रामटेक्कर ने बताया कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गिरवी रखी संपत्ति पर जैन परिवार का कब्जा, फर्जी रजिस्ट्री देकर 51 लाख रुपये का होम लोन लिया