
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के घंसौर थाना अंतर्गत मानकसर्रा गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। मोटरसाइकिल के पिछले पहिए में दुपट्टा फंसने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उनके दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिला जबलपुर के रांझी क्षेत्र की निवासी है, जो लखनादौन के गंगई गांव में निवासरत अपने दामाद पवन दुबे के घर आई थीं। दोनों बाइक में सवार होकर लखनादौन से मंडला जा रहे थे। इसी दौरान लखनादौन-मंडला मार्ग पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार मानकसर्रा गांव में मां शारदा कृषि केंद्र के सामने अचानक ममता दुबे (45) राझीं जबलपुर निवासी का दुपट्टा बाइक के पिछले पहिए में उलझ गया। दुपट्टा फंसते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और ममता दुबे सीधे सड़क पर जा गिरीं। सिर व शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में दामाद पवन दुबे (25) गंगई लखनादाैन निवासी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस व डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल पवन दुबे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन पर सफर करते समय महिलाओं के कपड़ों, विशेषकर दुपट्टे और साड़ी के पल्लू को लेकर सावधानी बरतने की गंभीर चेतावनी दी है। घंसौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में हाईवा और डंपर का कहर, राहगीर को कुचला; बाइक समेत युवक को 20 मीटर घसीटा