
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग पर बाणसागर में सोन नदी के ऊपर बने पुल का एक पिलर मंगलवार को अचानक कुछ नीचे झुक गया। साथ ही पुल के बीच एक गड्ढा भी हो गया। इस खतरे को देखते हुए वहां से आवाजाही बंद करा दी गईं। दोनों ओर से आने वाले वाहनों की निकासी के लिए वैकल्पिक बुढ़वा, कूदरी व बघवार मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गईं हैं। ताकि उक्त मार्ग में जाम की स्थिति निर्मित न होने पाए।
पुलिस के अनुसार मंगलावार सुबह मार्ग से पुलिस का एक वाहन गुजर रहा था, तभी पुल के एक ओर का पिलर झुका हुआ नजर आया। साथ ही पुलिया के बीच एक गड्ढा भी दिखाई दिया। जिसके बाद मार्ग में संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल मार्ग को बंद कराया गया। थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को इससे अवगत कराया तथा बाणसागर पुलिया में बैरिकेट्स लगाकर उससे आवाजाही बंद करवा दिया है।
ये भी पढ़ें- Sonam Raghuvanshi: बेवफा ही नहीं कातिल भी निकली सोनम, राज के लिए की राजा की हत्या....जानें कैसे रचा खूनी खेल
विदित हो कि बाणसागर स्थित सोन नदी में बने उक्त पुल शहडोल रीवा मार्ग का मुख्य केंद्र हैं। इस मार्ग से सतना, रीवा समेत यूपी का सफर तय किया जाता हैं, लेकिन अचानक पुलिया का पिलर एक ओर झुक जाने से उक्त मार्ग से आवाजही करने से खतरे का अंदेशा हैं। इसलिए पुलिस द्वारा कलेक्टर, एसपी तथा एसडीएम समेत एम पी आर डी सी के जिम्मेदार अधिकारियों को इस संभावित खतरे की सूचना दे दी गईं हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने के लिए कहा जा रहा हैं। देवलौंद थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने बताया है कि पुल का एक हिस्सा शहडोल जिले में आता है और दूसरा हिस्सा रामनगर थाना जिला मैहर में आता है, हमने मैहर जिले में कंट्रोल रूम को सूचना दी है, एवं रामनगर थाने को भी बताया है। दोनों ओर पुलिस लगाकर मार्ग को बंद कर दिया गया है। एक वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को आने जाने दिया जा रहा है।