
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल । जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक-युवती के शव एक ही आम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी अजय बैगा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि युवक सीधी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। गांव से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर शव लटके देखे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है, हालांकि मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जांच के बाद ही तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
नगर परिषद ब्यौहारी के अंतर्गत ग्राम मुदरिया के वार्ड क्रमांक 1 निवासी आस्था शुक्ला (24) ने 18 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय वह घर में अपनी सास के साथ थीं।
उनके पति पंकज शुक्ला कंपनी के काम से भोपाल गए हुए थे, जबकि देवर नीरज शुक्ला पेट्रोल टंकी पर काम करता है।
सूत्रों के अनुसार, आस्था का अपनी सास से विवाद होता रहता था। वह पास के गांव साखी की रहने वाली थीं और उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी। उनका दो साल का बेटा है।
आस्था के मायके पक्ष ने घटना की जांच कराने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के दुर्गा पंडाल की विद्युत सजावट में मिले कटे-फटे तार, डेकोरेटर पर FIR