
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने आधुनिक तकनीक आधारित एआई काॅलिंग साॅफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ प्रारंभ किया है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के मार्गदर्शन में नवंबर 2026 से शुरू इस पहल के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं से सीधे संपर्क कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी ली जा रही है। समस्या सामने आते ही संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर महिला को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण में 09 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक जिले की 3,649 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को कॉल किया गया। इस दौरान कुल 8,707 काल प्रयास किए गए, जिनमें से 2,108 कॉल सफलतापूर्वक कनेक्ट हुए तथा 1,669 महिलाओं से संपर्क स्थापित हुआ।
कॉल के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आने पर 978 केस बनाए गए। इनमें से 885 केस अर्थात लगभग 90 प्रतिशत मामलों में महिलाओं से संपर्क कर उपचार एवं आवश्यक प्रबंधन के उपरांत केस बंद किए जा चुके हैं। शेष 93 मामलों में आवश्यक कार्यवाही जारी है।
एआई कालिंग व्यवस्था शुरू होने से पहले भी जिले में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित फोन मॉनिटरिंग की जा रही थी। जनवरी से नवंबर 2026 के दौरान चिन्हित सभी 10,690 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं से एएनएम, सीएचओ एवं मेडिकल ऑफिसर द्वारा मैन्युअल रूप से फोन पर संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई। इस प्रकार शत-प्रतिशत महिलाओं तक फोन के माध्यम से पहुंच सुनिश्चित की गई।
एनीमिया से ग्रसित 8,975 महिलाओं में से 7,354 का सफल उपचार एवं प्रबंधन किया गया, जिसकी सफलता दर 81.9 प्रतिशत रही। गंभीर एनीमिया से ग्रसित 455 महिलाओं में से 426 महिलाओं का उपचार किया गया, जिसकी सफलता दर 93.6 प्रतिशत रही।
गर्भावस्था जनित उच्च रक्तचाप (PIH) से ग्रसित 1,260 महिलाओं में से 1,156 महिलाओं का उपचार सुनिश्चित किया गया, जिसकी सफलता दर 91.7 प्रतिशत रही। कुल 10,690 चिन्हित महिलाओं में से 8,936 महिलाओं का सफल उपचार एवं प्रबंधन किया गया, जो 83.6 प्रतिशत है।
नई व्यवस्था में AI कालिंग सॉफ्टवेयर स्वयं उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को फोन करता है। काल के दौरान यदि महिला किसी स्वास्थ्य समस्या की जानकारी देती है, तो संबंधित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (CBMO) के व्हाट्सएप पर तत्काल अलर्ट भेजा जाता है।
CBMO संबंधित महिला से संपर्क कर एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ता के माध्यम से निकटतम स्वास्थ्य संस्था में रेफरल और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हैं। इससे समस्या की जानकारी समय पर मिलने के साथ ही उपचार में होने वाली देरी को कम करने में सहायता मिल रही है।
यह साफ्टवेयर नीति आयोग के कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय सहयोग से विकसित किया गया है। इसके निर्माण एवं क्रियान्वयन में जिला प्रशासन शहडोल का सहयोग रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य तकनीक के माध्यम से उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करना, समस्याओं की तत्काल जानकारी प्राप्त करना तथा समय पर रेफरल और उपचार सुनिश्चित कर मातृ एवं शिशु सुरक्षा को मजबूत बनाना है।
‘मातृ साथी’ के माध्यम से कई महिलाओं को समय पर उपचार मिला। उप स्वास्थ्य केंद्र अनत्नी, ब्यौहारी क्षेत्र की 26 वर्षीय सविता सिंह गौड़ को 19 नवंबर को कॉल के दौरान सिकल सेल डिजीज की समस्या सामने आने पर महिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज किया गया।
21 नवंबर को उप स्वास्थ्य केंद्र बरगवां, गोहपारू क्षेत्र की 29 वर्षीय राधा देवी सिंह को जिला चिकित्सालय शहडोल में भर्ती कराकर ब्लड ट्रांसफ्यूजन एवं आवश्यक उपचार दिया गया।
उप स्वास्थ्य केंद्र बोदिहा, ब्यौहारी क्षेत्र की 19 वर्षीय किरण बसोर को 19 नवंबर को समस्या सामने आने पर जिला चिकित्सालय शहडोल एवं सिविल अस्पताल ब्यौहारी में उपचार दिया गया। उन्हें ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद डिस्चार्ज किया गया।
सोहागपुर क्षेत्र की 29 वर्षीय दीपिका सिंह को 21 नवंबर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें महिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका सुरक्षित प्रसव कराया गया।
उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की निरंतर फोन मॉनिटरिंग, पोषण परामर्श, उच्च जोखिम गर्भावस्था का प्रबंधन तथा ‘मां का हाथ, स्वास्थ्य का ध्यान अभियान’ के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जनवरी से नवंबर 2026 की तुलना गत वर्ष की समान अवधि से करने पर जिले में मातृ मृत्यु में लगभग 52.8 प्रतिशत तथा शिशु मृत्यु में 35.8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य सरकारी डा राजेश मिश्रा ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे अनमोल पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं, नियमित जांच करवाएं तथा ‘मातृ साथी’ से आने वाले कॉल पर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की सही जानकारी दें। किसी भी समस्या पर तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता को जानकारी दें, ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
यह भी पढ़ें- जबलपुर का सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल 295 से बढ़कर 410 बेड का होगा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत