
नई दुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। शहडोल जिले में बीते कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते बाणसागर बांध का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ रहा है। कार्यपालन यंत्री एसके शर्मा के अनुसार, रविवार दोपहर 12 बजे तक बांध का जलस्तर 340.11 मीटर दर्ज किया गया। ज्ञात हो कि इस बांध का पूर्ण जल भराव स्तर 341.64 मीटर है। कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही वर्षा के कारण बांध में पानी की आवक फिलहाल 2004.84 क्यूमेक्स दर्ज की गई है।

कैचमेंट क्षेत्र में सक्रिय मानसून को देखते हुए बांध में पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए 24 अगस्त को सुबह 6 बजे से रेडियल गेट खोलकर सोन नदी में आवश्यकतानुसार पानी छोड़ा जा सकता है। इसके चलते बांध प्रबंधन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें- भोजशाला मामले में हिंदू समाज का बड़ा एलान, 25 अगस्त को धार बंद, प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मैदानी अमले को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। बांध के अपस्ट्रीम और डूब क्षेत्र से सटे इलाकों में विशेष सावधानी बरतने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सोन नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी के करीब न जाएं और डूब क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
शहडोल में बीते 5 दिनों से हो रही वर्षा ने बीते वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले साल 1 जून से 23 अगस्त तक जिले में औसतन 844 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 853 मिमी तक पहुंच गया है। भारी बारिश के चलते जिला मुख्यालय के पांडव नगर स्थित 'बड़ा तालाब' पूरी तरह भर गया। जल निकासी के लिए तालाब की मेड़ तोड़नी पड़ी, जिससे पानी के साथ मछलियाँ भी सड़कों पर बहने लगीं।