
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ब्यौहारी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव में करीब 20 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब एक हजार पांच सौ पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है।
शहडोल के अलावा डिंडौरी, कटनी, उमरिया और रीवा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। वहीं, बटालियन के एएसपी अधिकारी सहित अन्य जिलों से आए कई निरीक्षकों को भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात किया गया है।
ब्यौहारी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव में असम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि इस आयोजन में पहुंचेंगे।
महोत्सव में कोल समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी, भूमिहीनता, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर भी समाज के लोगों में उत्साह है।
पुलिस अधीक्षक डा. संजय अग्रवाल की ओर से जारी सुरक्षा आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड से रेलवे तिराहा, बस स्टैंड होते हुए स्टेडियम तक रोड शो प्रस्तावित है। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें- एमपी स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष बने शैलेन्द्र वर्मा, प्रतिभा वालिया उपाध्यक्ष, पहली बार मतदान से हुआ चयन
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए निर्धारित कार्यक्रम स्थलों और रोड शो मार्ग को अस्थायी रेड जोन घोषित किया गया है। जारी आदेश के तहत 16 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। शासकीय ड्रोन और फोटोग्राफी के लिए प्रतिबंध से छूट दी गई है।