
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। बुढार थाना क्षेत्र की आदर्श कालोनी में दिनदहाड़े चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति कई दिनों से पागल और भिखारी के भेष में इलाके में घूमता रहा। घर की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही वह डॉक्टर के घर में घुस गया और वहां रखी एक मूर्ति चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
आदर्श कालोनी निवासी डॉ. ए.के. लाला अपने घर में ही क्लिनिक संचालित करते हैं। घटना के समय डॉक्टर क्लिनिक खोलकर किसी काम से बाहर गए थे और घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग पिछले कुछ दिनों से भिखारी अथवा मानसिक रूप से अस्वस्थ समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, घर के आसपास पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज में कथित चोर पहले घर के आसपास इधर-उधर घूमकर स्थिति का जायजा लेता नजर आ रहा है। कुछ देर तक रेकी करने के बाद जब उसे आसपास कोई दिखाई नहीं दिया तो वह तेजी से गेट और दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हो गया। अंदर जाने के बाद उसने सामान तलाशा, लेकिन जब कुछ खास हाथ नहीं लगा तो घर में रखी एक मूर्ति उठाई और उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया।
डॉ. ए.के. लाला ने बताया कि यह व्यक्ति कुछ दिनों से इलाके में भिखारी के रूप में घूम रहा था, लोग उसे पागल समझते थे, लेकिन मौका मिलते ही उसने घर में प्रवेश कर मूर्ति चोरी कर ली। उनका कहना है कि यदि घर में कोई कीमती सामान रखा होता तो वह उसे भी लेकर जा सकता था।
यह भी पढ़ें- खरगोन में घर के आंगन में खेल रहे 8 वर्षीय बालक को टेम्पो ने रौंदा, ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर बात कर रहा था ड्राइवर
इधर, बुढार थाना प्रभारी रजनीश तिवारी ने बताया कि थाने में इस घटना को लेकर फिलहाल कोई सूचना या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब आरोपी की पहचान और घटना की वास्तविकता जांच का विषय है।