
विनोद कुमार शुक्ला, नईदुनिया शहडोल। भारतीय जनता पार्टी में आपसी कलह अब इस कदर बढ़ गया है कि संगठन के ही दो बड़े पदाधिकारियों के फैसले एक-दूसरे के सामने आ गए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रियम त्रिपाठी ने अपनी कार्यकारिणी की घोषणा की और उसके कुछ घंटे बाद ही भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने उस कार्यकारिणी को भंग कर दिया। इस घटना ने जिले में भाजपा के भीतर पनप रहे संगठनात्मक द्वंद्व को खुलकर सामने ला दिया है।
सूची जारी होते ही युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह था। कई नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की चर्चा थी। लेकिन उत्साह ज्यादा देर नहीं टिका। कुछ ही घंटों बाद भाजपा जिला अध्यक्ष की ओर से आदेश जारी हुआ कि भाजयुमो की घोषित कार्यकारिणी को भंग किया जाता है।
इस आदेश के बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में असमंजस और नाराजगी दोनों देखने को मिली।पार्टी के भीतर इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब युवा मोर्चा के अध्यक्ष को कार्यकारिणी बनाने का अधिकार है, तो उसे भंग करने से पहले चर्चा होनी चाहिए थी।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि कार्यकारिणी बनाने से पहले जिला संगठन से सहमति लेना जरूरी था। इसी खींचतान ने अब संगठनात्मक टकराव का रूप ले लिया है। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी भाजयुमो जिलाध्यक्ष की घोषणा के समय भी पदाधिकारियों के बीच अलगाव दिख चुका है।
बाद में ऐसी स्थिति बनी कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष को रिपीट करना पड़ा था। यानी इतनी बड़ी पार्टी में एक ऐसा युवा तैयार नहीं हो पाया कि उसे जिमेंदारी सौंपी जा सके।
अब भाजयुमो की कार्यकारिणी भंग होने से यह साफ हो गया है कि पार्टी के भीतर समन्वय की कमी है। संगठन एक दिशा में नहीं चल रहा है, बल्कि अलग-अलग गुट अपनी-अपनी तरह से फैसले ले रहे हैं।इस घटनाक्रम का असर जमीनी कार्यकर्ताओं पर भी पड़ रहा है।
बूथ से लेकर मंडल तक युवा कार्यकर्ता ही पार्टी के कार्यक्रमों को जमीन पर उतारते हैं। ऐसे में अगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष का फैसला कुछ घंटों में ही पलट दिया जाएगा।
युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ माना जाता है। कई कार्यकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि पार्टी में अब काम से ज्यादा गुटबाजी हावी हो गई है। दूसरी ओर कांग्रेस इस मौके को भुनाने में लगी है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा में अंदरूनी लड़ाई चरम पर है। जो पार्टी अपने युवा मोर्चा की कार्यकारिणी तक नहीं संभाल पा रही, वह जनता के मुद्दे क्या संभालेगी। कांग्रेस इसे भाजपा की कमजोरी के रूप में प्रचारित कर रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यह संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। जल्द ही आपसी सहमति से नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। लेकिन सवाल यह है कि जब तक सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और मोर्चा अध्यक्ष एक मंच पर नहीं आएंगे, तब तक कार्यकर्ताओं में भरोसा कैसे बनेगा।
संगठन में इस तरह का टकराव पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है। अब देखना यह है कि प्रदेश नेतृत्व इस मामले में हस्तक्षेप करता है या जिला संगठन खुद ही इस कलह को सुलझा पाता है।
यह भी पढ़ें- ठंड की चपेट में आने से बेटे की मौत पर मुआवजा नहीं, MP High Court ने खारिज की मां की याचिका