
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल । दीपावली के बाद मिलरों को विशेष सुविधा मिलने वाली है या यह कहें कि दीपावली पर 'लक्ष्मी की कृपा' बरसेगी।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में चावल मिल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने मिल संचालकों से धान की कुटाई का कार्य अपनी पूरी क्षमता के साथ करने की अपेक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन मिल संचालकों की समस्याओं को समझते हुए उनके निराकरण के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। मिल संचालकों को मिलिंग कार्य में आने वाली समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से कराया जाएगा, ताकि धान की मीलिंग का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
कलेक्टर ने कहा कि धान की कुटाई के कार्य में सभी मिल संचालकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मिल संचालक अपनी उपलब्ध क्षमता का बेहतर उपयोग करते हुए कार्य में तेजी लाएं तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कुटाई का कार्य सुनिश्चित करें।
कलेक्टर बोले- धान की कुटाई के कार्य में अधिक सहयोग करने वाले मिल संचालकों को भुगतान में प्राथमिकता दी जाएगी।बैठक में उपस्थित चावल मिल संचालकों ने दीपावली त्योहार के बाद कुटाई के कार्य में तेजी लाने तथा अपनी क्षमता के अनुरूप अधिक से अधिक कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर भागीरथ लहरे, अंकित उइके, महाप्रबंधक उद्योग मनीष अलावा, प्रदीप द्विवेदी, प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम, नागरिक आपूर्ति निगम, भंडारण निगम तथा जिला व्यापारी संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता सहित जिले के चावल मिल संचालक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल पहुंचे कलेक्टर, गणित के सवाल पूछे; बच्चों की पेंटिंग करते देखकर की चित्रकारी