
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के बाथरूम में शव मिला। अस्पताल परिसर में शव मिलने की खबर फैलते ही स्वास्थ्यकर्मी और आसपास मौजूद लोग जुट गए।
वार्ड नंबर 22 निवासी नाटे उर्फ जफरुद्दीन कोरबा के एक होटल में काम करता था। वह पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा और कुछ देर इलाज कराने के बाद चला गया।
बताया गया कि देर रात वह फिर अस्पताल आया और परिसर में सोने लगा। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह चला गया। मंगलवार की सुबह बाथरूम में शव मिला।
ड्यूटी डाॅक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच की और उसकी मौत की पुष्टि की।व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरी में पदस्थ डाॅ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि व्यक्ति पेट दर्द की शिकायत लेकर आया था और इलाज के बाद चला गया। उनके मुताबिक, वह शाम को फिर अस्पताल आया और बाथरूम गया था। सुबह बाथरूम में उसका शव मिला। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शादी का झांसा देकर किया शोषण, अब मतांतरण के लिए बना रहा दबाव; पति को बताने की दी धमकी