
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। पुलिस अधीक्षक डाॅ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए थाना जयसिंहनगर पुलिस ने एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जब्त गांजा की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।13 अक्टूबर को नवरात्र के दृष्टिगत रात्रि और प्रभात गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर ड्राइवर और खलासी से पूछताछ की।

संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर 18 बोरियों और 81 पैकेटों में भरा गांजा मिला,जिसका कुल वजन 735 किलो 440 ग्राम है।आरोपी ट्रक ड्राइवर राहुल विश्वकर्मा (36) निवासी ग्राम जमीनबारी, थाना निजामाबाद, जिला आजमगढ़ उत्तर प्रदेश और खलासी नारायण मंडल पिता गोन्दो महतो, (50) निवासी ग्राम अलगडीहा, थाना बगोदर, जिला गिरिडीह झारखंड को गिरफ्तार किया गया।
735 किलो 440 ग्राम गांजा की कीमत 73 लाख 50 हजार है,जबकि ट्रक कीमत 40 लाख और तीन मोबाइल कीमत 5 हजार रुपये है। कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये।
यह कार्रवाई एसडीओपी ब्यौहारी ऋषभ चारी के मार्गदर्शन में निरीक्षक अजय बैगा, सउनि प्रमोद कुमार, सउनि सुरेश सिंह, प्र.आर. आदित्य शुक्ला, प्र.आर. रुस्तम सिंह, आर. ऋषिकांत मिश्रा, आर. नीरज शुक्ला, आर. धीरशाह बैगा, म.आर. खुशबू लोधी और साइबर सेल टीम शहडोल द्वारा की गई।